भारत के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज से पहले श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा फैसला लिया है। पिछले काफी समय से कप्तान उपुल थरंगा के नेतृत्व में श्रीलंकाई टीम एक के बाद एक सीरीज हार रही है। इसी बात को मद्देनज़र रखते हुए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उपुल थरंगा की जगह ऑलराउंडर तिसारा परेरा को वनडे और T20 का नया कप्तान नियुक्त किया है।
भारत और श्रीलंका के बीच 10 दिसंबर से 3 वनडे मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है जोकि 17 दिसंबर तक चलेगी। उसके बाद इतने ही मैचों की टी-20 सीरीज भी 20 दिसंबर से शुरू होगी। भारत के खिलाफ सीरीज में ऑलराउंडर तिसारा परेरा श्रीलंका टीम की कमान संभालतें के नजर आएंगे।
भारत, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ उपुल थरंगा की कप्तानी में श्रीलंका टीम को क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी थी। उपुल थरंगा ने इस साल 22 मुकाबलों में कप्तानी की है और जिसमें से टीम को केवल चार मैचों में ही जीत मिली है। उपल थरंगा की कप्तानी में श्रीलंका टीम को घर में भारत के हाथों 0-5 से हार झेलनी पड़ी थी और उनकी कप्तानी में लगातार श्रीलंका टीम खराब प्रदर्शन कर रही है। यही कारण है कि सेलेक्टरों ने तिसारा परेरा को लिमिटेड ओवर फॉर्मेट का कप्तान चुना है।
इसी साल चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका के खराब प्रदर्शन के कारण एंजेलो मैथ्यूज ने कप्तानी छोड़ दी थी फिर उसके बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने दिनेश चांदीमल को टेस्ट जबकि टी-20 और वनडे के लिए उपुल तरंगा को कप्तान चुना था। लेकिन टीम का लगातार खराब प्रदर्शन को देखते हुए सेलेक्टरों ने इस बार तिसारा परेरा को कप्तान चुना है।
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की शुरुआत 10 दिसंबर से होगी। पहला मुकाबला 10 दिसंबर को धर्मशाला में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 13 दिसंबर को मोहाली में और तीसरा मुकाबला 17 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। उसके बाद तीन टी-20 मैचों की शुरुआत 20 दिसंबर से होगी और आखिरी मुकाबला 24 दिसंबर को खेला जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं