कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे और आखरी निर्णायक मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा के शतकों की बदौलत टीम इंडिया ने पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा किया है। कानपुर वनडे में विराट कोहली ने 113 रनों की पारी खेली और अपना 32 वां अंतरराष्ट्रीय वनडे शतक भी लगाया। विराट कोहली ने इस मुकाबले में अपने नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज भी किए, विराट कोहली के लिए यह मुकाबला बेहद खास भी है।
कानपुर का ये स्टेडियम पहली बार डे नाईट वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का गवाह बन रहा है, इससे पहले विराट कोहली टेस्ट और टी-20 में कानपुर मैदान पर भारत की कप्तानी कर चुके हैं और कानपुर मैदान पर तीनों फॉर्मेट में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए है।
विराट कोहली ने पूरे किए 9 हजार रन
कप्तान विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं उनके नाम के आगे कोई ना कोई रिकॉर्ड जुड़ जाता है और आज ग्रीन पार्क स्टेडियम पर 83 रन बनाते ही विराट कोहली सबसे तेज 9000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली ने केवल 194 पारियों में इस उपलब्धि को अपने नाम किया है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने 205 पारियों में 9000 रन पूरे किए थे।
बतौर कप्तान सबसे तेज 5 हजारी
रन मशीन कोहली ने खिलाड़ी के तौर पर 9000 रन तो पूरे कर लिए और साथ ही साथ वह बतौर कप्तान सबसे तेज 5000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्हें इस मुकाम को हासिल करने में केवल 93 पारियां लगी।
साल 2017 में सबसे तेज 2 हजारी
साल 2017 में विराट कोहली 2000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। ग्रीन पार्क स्टेडियम में 9 रन बनाते ही विराट कोहली ने इस उपलब्धि को अपने नाम किया है। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले विराट कोहली दुनिया के इकलौते खिलाड़ी है। विराट कोहली के बाद दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (1988) रन के साथ इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं। तीसरे पर जो रूट (1855) चौथे पर फाफ डू प्लेसिस (1709) और पाचवें पर क्विंटन डिकॉक(1610) हैं।
बतौर कप्तान एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा सेंचुरी
विराट कोहली साल 2017 में रनों के मामले में भी सबसे आगे हैं और अब बतौर कप्तान विराट कोहली के बल्ले से अब तक 8 शतक निकले हैं। इस मामले में विराट कोहली दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए। पहले और दूसरे नंबर पर ग्रीम स्मिथ और रिकी पोंटिंग है, जिनके नाम 9-9 शतक है।

कोई टिप्पणी नहीं