भारत और न्यूजीलैंड के बीच निर्णायक मुकाबले में कौन मारेगा बाजी, क्या कहते हैं पुराने रिकॉर्ड?

Share:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन एकदिवसीय सीरीज का निर्णायक मुकाबला 29 अक्टूबर (रविवार) को कानपुर में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम होने वाला है क्योंकि, अभी तक इस सीरीज में दोनों ही टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं। तीसरे और आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम का पड़ला भारी नजर आ रहा है, भारत का रिकॉर्ड कानपुर मैदान पर खासा शानदार भी रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच निर्णायक मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।

तीसरा और आखिरी मुकाबला भारतीय नजरिए से देखा जाए तो काफी अहम होने वाला है। क्योंकि, बतौर कप्तान विराट कोहली को अभी तक 4 साल के कप्तानी करियर में एक भी सीरीज हार नसीब नहीं हुई है और भारत तीसरे मुकाबले को हार जाता है तो यह विराट कोहली की भारतीय सरजमीं पर पहली वनडे सीरीज हार होगी।

हेड 2 हेड 

अगर हम दोनों टीमों के आमने-सामने की मुकाबले की बात करें तो अब तक वनडे में भारत और न्यूजीलैंड 100 बार आमने-सामने हो चुकी है। भारतीय टीम 100 मुकाबलों में से 50 मैचों में विजय रही है। जबकि, न्यूजीलैंड टीम 44 मैचों में विजय रही है। एक मैच टाई और पांच मैच बेनतीजा रहे हैं।

 टीम इंडिया के पिछले 10 वनडे मुकाबले: 

भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले 10 वनडे मुकाबले अपनी सरजमीं पर खेले हैं। साल 2017 में खेले गए 10 वनडे मैचों में टीम इंडिया को 6 मैचों में जीत मिली है जबकि तीन मैचों में उसको हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच बेनतीजा रहा है जोकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।

न्यूजीलैंड टीम के पिछले 10 वनडे मुकाबले:

न्यूजीलैंड टीम के पिछले 10 वनडे मैचों पर नजर डालें तो उसका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है, न्यूजीलैंड टीम ने पिछले 10 मैचों में से कुल 4 मैचों में ही जीत हासिल की है जबकि पांच में उसको हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच बेनतीजा रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।

कानपुर में भारत का रिकॉर्ड

कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। यहां टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के साथ तीन टेस्ट मैच खेले हैं। सन् 1976 में न्यूजीलैंड ने पहली बार कानपुर में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था और यह मैच ड्रा रहा था। इसके 23 साल बाद एक बार फिर ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच हुआ था और यह मैच भारतीय टीम ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद सितंबर 2016 में तीसरा टेस्ट मैच खेला गया और इस मुकाबले को भारतीय टीम ने 197 रनों के विशाल अंतर से जीता था।

कोई टिप्पणी नहीं