मुंबई: रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला खेला गया, जिसमें टीम इंडिया को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। भले ही टीम इंडिया इस मुकाबले में हार गई हो लेकिन कप्तान विराट कोहली के रिकॉर्डों के बदौलत यह मुकाबला ऐतिहासिक हो गया है। वानखेड़े स्टेडियम पर विराट कोहली का यह 200वां अंतर्राष्ट्रीय वनडे मुकाबला था।
अपने 200वें अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में कप्तान विराट कोहली ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जी हां! कमाल कोहली ने 121 रनों की विराट पारी खेली, जिसकी बदौलत वह मिस्टर 360 डिग्री एबी डी विलियर्स के रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल हुए हैं। अपने 200वें अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में शतक लगाने वाले विराट कोहली दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली से पहले ए बी डिविलियर्स ने 101 रनों की पारी खेलकर यह कीर्तिमान अपने नाम किया था।
पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन और सौरव गांगुली को पछाड़ा:
बतौर कप्तान एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली मोहम्मद अजहरुद्दीन और सौरव गांगुली से आगे निकल गए। इस साल बतौर कप्तान विराट कोहली के बल्ले से 1318 रन निकले हैं। 1998 में मोहम्मद अजहरुद्दीन के 1268 रनों को भी पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा सौरव गांगुली ने सन् 2000 में बतौर कप्तान 1223 रन बनाए थे।
'क्रिकेट के भगवान' के बाद विराट कोहली की सबसे ज्यादा सेंचुरी:
'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद अब कप्तान विराट कोहली की वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी हो गई है। रविवार को 121 रनों की पारी खेलते ही कोहली ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग के 30 शतकों को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम अब वनडे में 31 शतक हो गए हैं। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर 49 शतकों के साथ सूची में पहले नंबर पर है।



कोई टिप्पणी नहीं